
सोनभद्र: म्योरपुर-लीलासी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवक गंभीर घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। म्योरपुर-लीलासी मार्ग पर नवाटोला स्थित भुक्कूपहरी के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना 108 एंबुलेंस सेवा और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. आराधना ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लौबंध गांव निवासी अरविंद कुमार (20 वर्ष), पुत्र फूलचंद, रेणुकूट से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवाटोला के भुक्कूपहरी के पास सामने से आ रहे जामपानी गांव के खेतारी टोला निवासी अभिनेष (25 वर्ष), पुत्र राजेश की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की सहायता करते हुए एंबुलेंस बुलवाई। पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।