• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
सोनभद्र: एनएच-39 पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत

सोनभद्र: एनएच-39 पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

सोनभद्र जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा ग्राम हीराचक स्थित बैगा धाम के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (एनएच-39) पर हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक हीराचक बस्ती से अपने गांव देवड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना प्रभारी निरीक्षक रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतकों की पहचान अखिलेश कुमार (35) पुत्र शिवप्रसाद तथा अंकुर (25) पुत्र छट्ठू, दोनों निवासी ग्राम देवड़ी, के रूप में की। दोनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे और एक साथ घर लौट रहे थे।

पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। साथ ही दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

एक ही गांव के दो युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही देवड़ी गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .