• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
सोनभद्र: पाइपलाइन मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे में धंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो घंटे तक बाधित रहा आवागमन 

सोनभद्र: पाइपलाइन मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे में धंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो घंटे तक बाधित रहा आवागमन 


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

सोनभद्र जनपद के न्याय पंचायत लहास अंतर्गत ग्राम पंचायत मूर्तियाँ में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पाइपलाइन मरम्मत के लिए सड़क पर खोदे गए गड्ढे में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली धंस गई। घटना के बाद सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लगभग दो घंटे तक राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, गांव में पेयजल पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण संबंधित विभाग द्वारा सड़क पर गड्ढा खोदकर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत के बाद गड्ढे को सुरक्षित तरीके से नहीं भरा गया और न ही वहां किसी प्रकार की बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा संकेतक लगाए गए। इसी लापरवाही के चलते वहां से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक गड्ढे में धंस गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। शाम करीब 8 बजे से शुरू हुई मशक्कत रात लगभग 10 बजे तक जारी रही। करीब दो घंटे की लगातार मेहनत के बाद ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस दौरान सड़क पूरी तरह जाम रही, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई राहगीरों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा, जबकि स्थानीय लोगों को भी आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रैक्टर के धंसने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा के उचित इंतजाम किए गए होते, तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने मांग की कि सड़क पर मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, गड्ढों की उचित भराई की जाए तथा चेतावनी संकेत और बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .