
सोनभद्र: बीजपुर बाजार में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रूप से संचालित तीन स्वास्थ्य केंद्र सील
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के बीजपुर बाजार में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित तीन स्वास्थ्य केंद्रों को सील कर दिया। यह कार्रवाई म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं के नाम पर लंबे समय से चल रहे कथित फर्जीवाड़े और मरीजों के आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी शोषण की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई।
बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग को काफी समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि बीजपुर बाजार में कुछ मेडिकल स्टोरों की आड़ में बिना आवश्यक अनुमति और मानकों के अस्पताल, क्लीनिक तथा पैथोलॉजी सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर मरीजों का उपचार, जांच और विभिन्न चिकित्सीय सेवाएं नियमों की अनदेखी करते हुए दी जा रही थीं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए डॉ. पी.एन. सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने बीजपुर बाजार में कई स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज, पंजीकरण, लाइसेंस एवं अन्य वैधानिक अभिलेखों की जांच की गई। निरीक्षण में तीन स्वास्थ्य केंद्र निर्धारित मानकों का पालन करते हुए नहीं पाए गए, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति के अस्पताल, क्लीनिक अथवा पैथोलॉजी सेंटर का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत एवं अधिकृत अस्पतालों और चिकित्सकों की ही सेवाएं लें तथा किसी भी अवैध स्वास्थ्य केंद्र की जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग या प्रशासन को दें।