• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
श्रावण मेला : बाबा शिवद्वार धाम में पहले सोमवार को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बम स्क्वॉयड ने की सघन जांच

श्रावण मेला : बाबा शिवद्वार धाम में पहले सोमवार को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बम स्क्वॉयड ने की सघन जांच


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के घोरावल तहसील क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा शिवद्वार धाम में श्रावण मास के पावन मेले एवं कांवड़ यात्रा के प्रथम सोमवार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। इसी क्रम में शुक्रवार की शाम लगभग पांच बजे बम स्क्वॉयड टीम ने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश द्वार, गर्भगृह के आसपास, पार्किंग स्थल, मेला क्षेत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। सुरक्षा के दृष्टिगत प्रत्येक संवेदनशील स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से पहले ही निपटा जा सके।

श्रावण मास के पहले सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं के बाबा शिवद्वार धाम पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन व्यापक तैयारियों में जुटा हुआ है। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे सभी भक्त बिना किसी असुविधा के भगवान शिव का दर्शन, पूजन एवं जलाभिषेक कर सकें।

व्यवस्थाओं की निगरानी स्वयं उपजिलाधिकारी विशाल कुमार, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, मंदिर के मुख्य पुजारी सुरेश गिरी, शिवराज गिरी, अजय गिरि तथा संजय मोदनवाल लगातार कर रहे हैं। सभी अधिकारी एवं मंदिर प्रबंधन विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा, यातायात, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा आपातकालीन सेवाओं की भी व्यवस्था की जा रही है। भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग निर्धारित किए जा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

हालांकि, श्रद्धालुओं की सुविधा के बीच एक गंभीर समस्या भी सामने है। शिवद्वार धाम से मिर्जापुर मार्ग तथा घोरावल से विजयगढ़ तक जाने वाली सड़क कई स्थानों पर जर्जर और गड्ढों से भरी हुई है। श्रावण मेले में हजारों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए इन मार्गों की तत्काल मरम्मत और गड्ढामुक्त किए जाने की मांग स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं द्वारा लगातार उठाई जा रही है। उनका कहना है कि खराब सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं और यात्रा को कठिन बना सकती हैं।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि मेले की शुरुआत से पहले सड़कों की मरम्मत, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

श्रावण मास का पहला सोमवार बाबा शिवद्वार धाम में विशेष धार्मिक महत्व रखता है। ऐसे में प्रशासन सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है, जिससे यह विशाल धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .