
सोनभद्र: तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र में बीजपुर–मुर्धवा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवरी गांव के समीप तेज रफ्तार से जा रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही म्योरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान बाइक चालक देवचंद (37) पुत्र बब्बन, निवासी गिरवानी, थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर (छत्तीसगढ़) की मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल देवी नारायण (35) पुत्र सुखई, निवासी गिरवानी, थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर (छत्तीसगढ़) का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार, दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था, लेकिन मृतक के परिजन समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके। इस कारण उसे समय रहते उच्च चिकित्सा केंद्र नहीं भेजा जा सका, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से सड़क पर सावधानीपूर्वक एवं निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।