
सोनभद्र के दक्षिणांचल क्षेत्र में वर्षों से व्याप्त प्रदूषण और फ्लोराइड युक्त पेयजल की गंभीर समस्या को राष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता से उठाने वाली डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘हर घर शुद्ध जल’ का मंगलवार शाम मुंबई में विशेष प्रदर्शन एवं प्रमोशन किया गया।
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
यह कार्यक्रम प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक के प्रतिष्ठित संस्थान के बल्फ थिएटर में आयोजित हुआ।
डॉक्यूमेंट्री में सोनभद्र के उन ग्रामीण इलाकों की वास्तविक स्थिति को संवेदनशीलता के साथ चित्रित किया गया है, जहां हजारों लोग लंबे समय से प्रदूषण और फ्लोराइड युक्त पानी के कारण स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। फिल्म में केंद्र सरकार की ‘हर घर नल जल’ योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के प्रयासों और उससे ग्रामीण जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है।
कार्यक्रम में फिल्म जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों, निर्माताओं, निर्देशकों, कलाकारों और लेखकों ने भाग लिया। उपस्थित अतिथियों ने डॉक्यूमेंट्री की विषयवस्तु, प्रस्तुति और सामाजिक सरोकारों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल एक डॉक्यूमेंट्री नहीं, बल्कि जल संकट और जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को समाज और नीति-निर्माताओं के सामने रखने वाला सशक्त प्रयास है।
फिल्म के निर्माता सुरेंद्र सिंह, मानवाधिकार कार्यकर्ता बंटी श्रीवास्तव तथा निर्देशक देवेंद्र शिवाजी जाधव के प्रयासों की सभी ने प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की फिल्में समाज में जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनती हैं। कार्यक्रम के दौरान सोनभद्र की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई।
‘हर घर शुद्ध जल’ डॉक्यूमेंट्री को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और इसे ग्रामीण भारत की जमीनी हकीकत को उजागर करने वाली एक महत्वपूर्ण सामाजिक फिल्म के रूप में सराहा गया।