
बाइक की टक्कर से घायल राहगीर की इलाज के दौरान मौत, गांव में शोक
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घुवास गांव में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक राहगीर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 45 वर्षीय रामेश्वर प्रजापति के रूप में हुई है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 5 जून को रामेश्वर प्रजापति किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान पैदल चलते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए पहले स्थानीय स्तर पर भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था।
बीएचयू में कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद मंगलवार देर रात उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक के पुत्र सत्यदेव प्रजापति की सूचना पर घोरावल पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए बुधवार दोपहर करीब 2 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनभद्र मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
घोरावल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल रामेश्वर प्रजापति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।