
मिर्जापुर: विंध्याचल में ट्रक चालक की संदिग्ध मौत, लावारिस हालत में मिला ट्रक, खलासी फरार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
विंध्याचल (मिर्जापुर)। थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। चालक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चालक का ट्रक लावारिस हालत में खड़ा मिला, जबकि उसके साथ मौजूद खलासी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। मामले की सूचना मिलते ही विंध्याचल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फरार खलासी की तलाश तेज कर दी गई है और उससे पूछताछ के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं, जबकि परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।