
सोनभद्र: बीएमएस कार्यालय के शौचालय में वरिष्ठ नेता उमेश सिंह का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के शक्तिनगर थाना क्षेत्र स्थित एनसीएल खड़िया परियोजना के भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) कार्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब संगठन के वरिष्ठ नेता एवं लंबे समय से श्रमिक हितों के लिए सक्रिय रहे 62 वर्षीय उमेश सिंह का शव कार्यालय परिसर के शौचालय से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही शक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बीएमएस कार्यालय में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी। बैठक में उमेश सिंह भी अन्य पदाधिकारियों के साथ मौजूद थे। बैठक के दौरान उन्होंने शौचालय जाने की बात कही और वहां से निकल गए, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। बैठक में व्यस्त होने के कारण किसी ने तत्काल इस ओर विशेष ध्यान नहीं दिया और बाद में कार्यालय बंद कर सभी अपने-अपने घर चले गए।
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे उमेश सिंह की पत्नी ने कार्यालय में फोन कर उनके बारे में जानकारी ली। इसके बाद पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद जब शौचालय का दरवाजा खोला गया तो अंदर उमेश सिंह अचेत अवस्था में पड़े मिले। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटनास्थल से उनका मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही बीएमएस पदाधिकारियों, एनसीएल कर्मियों और क्षेत्रीय लोगों की भीड़ कार्यालय परिसर में जुट गई। अचानक हुई इस घटना से संगठन के कार्यकर्ताओं और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।