
भरपुरा रजवाहा में पानी छोड़ने की मांग को लेकर किसानों ने सिंचाई विभाग का घेराव, टेल तक पानी पहुंचाने की उठाई मांग
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। जनपद के भोजपुर पहाड़ी क्षेत्र स्थित भरपुरा रजवाहा में पर्याप्त पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर शनिवार को किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल किसान मंच के अध्यक्ष शारदा प्रसाद मिश्रा ‘लाला’ के नेतृत्व में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार से मिला। किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि भरपुरा रजवाहा का पानी टेल क्षेत्र तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे भोजपुरी पहाड़ी, लोकपुर, तिगोदा तथा दुबेपुर बसारी सहित कई गांवों के किसान गंभीर सिंचाई संकट से जूझ रहे हैं। धान की रोपाई का समय होने के बावजूद खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से किसान समय पर रोपाई नहीं कर पा रहे हैं। यदि जल्द पानी की व्यवस्था नहीं हुई तो किसानों की फसल प्रभावित होने के साथ-साथ उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसान प्रतिनिधि दुर्गेश पटेल ने अधिशासी अभियंता से मांग की कि जब तक नहर का संचालन जारी रहे, तब तक सिंचाई विभाग के कर्मचारियों द्वारा नियमित पेट्रोलिंग कराई जाए, ताकि बीच रास्ते में पानी की निकासी या अवरोध को रोका जा सके और टेल पर बसे किसानों को भी उनका पूरा सिंचाई जल मिल सके।
किसानों ने यह भी बताया कि भरपुरा रजवाहा का जलस्तर खेतों की सतह से काफी नीचे होने के कारण पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने मांग की कि नहर के जलस्तर को खेतों के बराबर करने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार और मरम्मत कराई जाए, जिससे अंतिम छोर तक के किसानों को भी सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के किसान व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की होगी।
इस दौरान किसान मंच के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने उम्मीद जताई कि विभाग उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे धान की रोपाई समय पर हो सके और किसानों को राहत मिल सके।