
श्रावण मास में शिवभक्ति का अनुपम संगम: चुर्क स्थित अडानी फैक्ट्री परिसर के शिव मंदिर में 51 हजार पार्थिव शिवलिंगों का पूजन एवं रुद्राभिषेक संपन्न
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। श्रावण मास के पावन अवसर पर चुर्क स्थित अडानी फैक्ट्री परिसर की न्यू कॉलोनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में रविवार को भक्ति, आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां 51 हजार पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान से पूजन एवं भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
यह निःशुल्क धार्मिक आयोजन प्रातःकाल से प्रारंभ होकर शाम लगभग 6:30 बजे तक निरंतर चला। दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दुग्ध, दही, घृत, शहद, गंगाजल एवं पंचामृत से रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं विश्व कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन संरक्षक पंडित गायत्री प्रसाद मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजक पंडित अखिल नारायण पाण्डेय एवं पंडित जितेन्द्र मणि पाठक के संयोजन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन में लगभग 100 से 150 भक्त परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिव आराधना की और धार्मिक अनुष्ठान का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
शिव मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित गायत्री प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में आचार्य श्रवण कुमार पाण्डेय (सोना गुरु) तथा प्रशांत शुक्ला ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुरूप मंत्रोच्चार के बीच पार्थिव शिवलिंग पूजन, रुद्राभिषेक, हवन एवं आरती संपन्न कराई। पूरे अनुष्ठान के दौरान वातावरण “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा।
आयोजकों ने बताया कि श्रावण मास में पार्थिव शिवलिंग पूजन और रुद्राभिषेक का विशेष महत्व माना गया है। ऐसी मान्यता है कि इस अनुष्ठान से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं तथा परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
कार्यक्रम के समापन पर महाआरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन की भव्यता, अनुशासन एवं श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इसे श्रावण मास का एक अत्यंत प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक आयोजन बताया।