
मिर्जापुर-भदोही मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। चिल्ह थाना क्षेत्र के टेढ़वा मोड़ पर मंगलवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 38 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अपाचे मोटरसाइकिल और ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक का एक पैर शरीर से अलग हो गया और सिर में गंभीर चोटें आईं।
मृतक की पहचान विजय कुमार तिवारी (38) पुत्र श्याम नारायण तिवारी, निवासी ग्राम नहथुआ, थाना औराई, जनपद संत रविदास नगर (भदोही) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय कुमार तिवारी मंगलवार सुबह करीब 6 बजे अपनी अपाचे मोटरसाइकिल से मिर्जापुर रेलवे स्टेशन किसी रिश्तेदार को लेने जा रहे थे। जैसे ही वह चिल्ह थाना क्षेत्र के टेढ़वा मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और विजय कुमार सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। टेढ़वा चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर घायल को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल औराई ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।