
मिर्जापुर: खुदाई में मिला असली सोना बताकर नकली गुल्ली बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश,
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
तीन शातिर गिरफ्तार
मिर्जापुर पुलिस ने खुदाई में मिला असली सोना होने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 नकली सोने की गुल्ली, ठगी से प्राप्त 1 लाख 37 हजार रुपये नकद तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई गाजीपुर जनपद के करंडा थाना क्षेत्र के लीलापुर निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। पीड़ित ने 12 जुलाई को जिगना थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उन्हें खुदाई में मिला प्राचीन एवं असली सोना होने का विश्वास दिलाया। आरोपियों ने नकली सोने की गुल्लियों को असली बताकर उन्हें बेच दिया और इस तरह उनसे बड़ी धनराशि ठग ली।
शिकायत मिलते ही जिगना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए गिरोह के तीन सदस्यों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों के पास से 16 नकली सोने की गुल्लियां, ठगी से प्राप्त 1.37 लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह भोले-भाले लोगों को खुदाई में मिले खजाने या प्राचीन सोने का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था। नकली धातु की गुल्लियों को असली सोना बताकर ऊंची कीमत पर बेचकर लोगों से ठगी की जाती थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अन्य जिलों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की भी तलाश की जा रही है।