
बिजली विभाग की लापरवाही: संविदा लाइनमैन ने निजी व्यक्ति को पोल पर चढ़ाया, करंट लगने से हुआ बेहोश
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। घोरावल ब्लॉक की खतौली ग्राम पंचायत में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में संविदा लाइनमैन ने एक निजी व्यक्ति को बिजली के पोल पर चढ़ाकर काम कराया। काम करने के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया और पोल पर ही बेहोश होकर लटक गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना तीन अगस्त की बताई जा रही है। आरोप है कि संविदा लाइनमैन राजा बाबू ने विनोद पासवान नामक निजी व्यक्ति को बिजली के पोल पर चढ़ा दिया था। पोल पर काम करने के दौरान अचानक विनोद करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह पोल पर ही बेसुध हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार, युवक काफी देर तक पोल पर ही बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। बाद में ग्रामीणों ने किसी तरह उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि समय रहते ग्रामीणों की मदद न मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। आखिर विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी में किसी निजी व्यक्ति को बिजली के पोल पर चढ़ाकर काम क्यों कराया गया और उस समय सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे, यह जांच का विषय है।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वायरल वीडियो के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों में भी खलबली मची हुई है। मामले में विभागीय जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।