• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
खस्ताहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन, शीघ्र मरम्मत की उठाई मांग 

खस्ताहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन, शीघ्र मरम्मत की उठाई मांग 


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

सोनभद्र जिले के बीजपुर क्षेत्र में मुख्य सड़क मार्ग से सेवकामोड़ होते हुए पिंडारी को जोड़ने वाली गहदु मोड़ से टेकुआ टोले तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर बुधवार को दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा वर्षों पहले सड़क पर सोलिंग के लिए बड़े-बड़े पत्थर डाल दिए गए थे, लेकिन उसके बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। परिणामस्वरूप सड़क पूरी तरह खस्ताहाल हो गई है और लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। सड़क पर उभरे पत्थरों और गड्ढों के कारण रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि दुपहिया वाहन चालक अक्सर सड़क पर फिसलकर घायल हो जाते हैं, जबकि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का गांव से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों में सोहन लाल जायसवाल सहित क्षेत्र के अनेक ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जनहित को देखते हुए सड़क का तत्काल निर्माण कराकर लोगों को राहत दिलाने की मांग की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .