
पीढ़ियों से जोती जा रही जमीन पर कब्जे का आरोप, न्याय की मांग को लेकर किसानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत करीबराव गांव में भूमि विवाद को लेकर किसानों में आक्रोश देखने को मिला। गुरुवार शाम करीब 5 बजे 50 से अधिक ग्रामीण और किसान घोरावल तहसील मुख्यालय पहुंचे तथा उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आशीष कुमार त्रिपाठी एवं घोरावल कोतवाली में शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस भूमि पर उनके परिवार कई पीढ़ियों से खेती-बाड़ी करते आ रहे हैं, उस पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उनके अधिकारों की रक्षा करने की मांग की है।
शिकायती पत्र में किसान केदारनाथ, रामसागर, कन्हैया लाल, शिवनारायण, लक्षनधारी, राममूरत, रामप्रवेश, बनारसी, पान कुमारी, लालती, संगीता, सुमनी समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उनके दादा-परदादा के समय से ही वे उक्त भूमि पर खेती करते आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, वर्षों पूर्व राजा साहब द्वारा प्रति व्यक्ति दस-दस हजार रुपये लेकर एक-एक बीघा भूमि खेती के लिए दी गई थी, जिस पर तब से लगातार उनका कब्जा और खेती होती रही है।
किसानों का कहना है कि अब कुछ लोग इस जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जमीन के पुराने अभिलेखों और वास्तविक स्थिति की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए तथा किसानों को न्याय दिलाया जाए।
मामले को लेकर तहसील प्रशासन ने शिकायत प्राप्त कर जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।