
ड्यूटी पर जाते समय हादसे का शिकार हुए सिपाही नीरज यादव का निधन, गांव में पसरा मातम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र में तैनात सिपाही नीरज कुमार यादव की मंगलवार देर रात वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनका इलाज चल रहा था, लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। जवान सिपाही की असमय मौत से पुलिस विभाग सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मूल रूप से प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहगढ़ गांव निवासी नीरज कुमार यादव वर्ष 2017 बैच के सिपाही थे। वर्तमान में उनकी तैनाती सोनभद्र जनपद की दुद्धी कोतवाली में पीआरवी टीम में थी। मंगलवार को वह ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
सिपाही की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो उठा। मां, पिता और छोटे भाई समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। हर कोई नीरज के मिलनसार स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा को याद कर भावुक नजर आया।
युवा सिपाही की असमय मौत से पुलिस विभाग में भी शोक व्याप्त है। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।