
मिर्जापुर में सोलर पैनल चोरी का मामला बना रहस्य, बीमा क्लेम के लिए कहानी गढ़ने की चर्चा तेज
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। जनपद के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत भटेवरा गांव में 10 किलोवाट सोलर पैनल और पंपसेट चोरी का मामला अब क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कई लोग इस पूरे प्रकरण को बीमा क्लेम हासिल करने के उद्देश्य से रची गई कथित कहानी बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जिस सोलर पैनल चोरी की घटना को लेकर हाल ही में शिकायत दर्ज कराई गई है, उससे मिलता-जुलता मामला पूर्व में भी विंध्याचल थाने में दर्ज होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में घटना की सत्यता को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जानी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पुलिस पुराने रिकॉर्ड, बीमा दस्तावेजों और पूर्व में दर्ज एफआईआर की गंभीरता से जांच करे, तो पूरे मामले से पर्दा उठ सकता है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।