
जहरीला पदार्थ खाने से अधेड़ की बिगड़ी हालत, शराब के नशे में इलाज से किया इनकार; जिला अस्पताल रेफर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के लौबंध गांव में रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से 50 वर्षीय अधेड़ की हालत गंभीर हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, लौबंध गांव निवासी हरिकिशुन ने रविवार शाम किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। शुरुआत में इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हो सकी। देर रात जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे उल्टी व तेज पेट दर्द की शिकायत हुई, तब परिजनों को जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी हुई।
इसके बाद परिजन रात करीब 11 बजे 108 एंबुलेंस से उसे सीएचसी म्योरपुर लेकर पहुंचे। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. मयंक आदर्श ने तत्काल उसका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, हरिकिशुन ने शराब का भी सेवन कर रखा था, जिससे उपचार के दौरान स्थिति और जटिल हो गई।
बताया गया कि इलाज के दौरान अधेड़ ने कुछ समय तक उपचार कराने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद रात करीब दो बजे उसकी तबीयत एक बार फिर गंभीर रूप से बिगड़ गई। चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
फिलहाल अधेड़ की हालत गंभीर बताई जा रही है और मामले की जानकारी संबंधित थाना पुलिस को भी दी गई है।