
ट्रक की तेज रोशनी में नहीं दिखा सड़क का गड्ढा, बाइक अनियंत्रित होकर गिरी; दो महिलाएं घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रासपहरी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी के कारण सड़क पर बना गड्ढा दिखाई नहीं दिया और बाइक उसमें पहुंचते ही अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार दो महिलाएं घायल हो गईं।
घटना रविवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। घायलों में पतेरीटोला निवासी इंद्रावती (40) पत्नी राजेंद्र और जुर्रा निवासी फूल कुंवर पत्नी राजबली शामिल हैं।
बताया गया कि इंद्रावती के पति राजेंद्र की तबीयत खराब है और वह दुद्धी अस्पताल में भर्ती हैं। पति को देखने के लिए इंद्रावती रविवार रात अपने देवर और ननद के साथ बाइक से दुद्धी जा रही थीं। रासपहरी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी आंखों पर पड़ने से सड़क पर मौजूद गड्ढा नजर नहीं आया।
बाइक जैसे ही गड्ढे में पहुंची, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई। हादसे में पीछे बैठी दोनों महिलाएं घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने इंद्रावती की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि दूसरी घायल महिला का उपचार किया गया।
इस हादसे ने एक बार फिर बीजपुर-मुर्धवा मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क पर बने गड्ढों से होने वाले खतरे को उजागर कर दिया है।