
रहस्यमय परिस्थितियों में युवक की मौत, पैर पर करंट से जलने का निशान मिलने से जांच में जुटी पुलिस
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव खेत के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान किशन पुत्र सूर्यबली निवासी लहंगपुर के रूप में हुई है। शव के पैर के पंजे पर करंट से जलने जैसा निशान पाए जाने के बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 10 जून 2026 को थाना लालगंज पर रामनरेश पुत्र बुद्धू निवासी लहंगपुर, थाना लालगंज द्वारा लिखित प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी गई कि वह सुबह खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका भतीजा किशन खेत के पास मृत अवस्था में पड़ा मिला। उन्होंने बताया कि मृतक के पैर के पंजे पर करंट से जलने का निशान दिखाई दे रहा था, जबकि शरीर पर किसी अन्य प्रकार की चोट या संघर्ष का कोई स्पष्ट निशान नहीं था।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, क्षेत्राधिकारी लालगंज तथा प्रभारी निरीक्षक लालगंज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल थाना लालगंज पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
क्षेत्राधिकारी लालगंज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के पैर पर करंट से प्रभावित होने का निशान दिखाई दे रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।