
तेज आंधी बनी काल: ट्रक की चपेट में आकर महिला की दर्दनाक मौत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
| हिन्दुआरी (सोनभद्र)
कोतवाली रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के हिन्दुआरी चौकी अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भटोलिया गांव निवासी नीतू यादव (पत्नी रोहित) बुधवार को अपने पति और पुत्र के साथ बाइक से रॉबर्ट्सगंज से कठपुरवा की ओर जा रही थीं। जैसे ही वे देवरा राजा पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, तभी अचानक तेज आंधी चलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आंधी के कारण उड़ी धूल महिला की आंखों में चली गई, जिससे वह संतुलन खो बैठीं और चलती बाइक से नीचे गिर गईं।
बताया जा रहा है कि बाइक आगे बढ़ती रही, जिस पर सवार उनके पति और बच्चा सुरक्षित आगे निकल गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। हिन्दुआरी चौकी प्रभारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा क्षेत्र में तेज रफ्तार और मौसम की मार के खतरों को एक बार फिर उजागर करता है।