• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से महिला की मौत! अस्पताल बंद कर फरार हुआ संचालक, परिजनों में आक्रोश

झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से महिला की मौत! अस्पताल बंद कर फरार हुआ संचालक, परिजनों में आक्रोश


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247

सोनभद्र। जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों पर प्रभावी कार्रवाई न होने का खामियाजा आम जनता को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ रहा है। ताजा मामला चौकी सुकृत क्षेत्र के ग्राम सभा बट स्थित हिंदुस्तान पेट्रोल पंप के समीप संचालित शिव शांति चिकित्सालय का है, जहां उपचार के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जुगैल थाना क्षेत्र के नेवारी गांव निवासी 45 वर्षीय सीता देवी पत्नी सफेद को चक्कर आने की शिकायत थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए शिव शांति चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद कथित झोलाछाप चिकित्सक ने बिना समुचित जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के महिला को ग्लूकोज चढ़ाया तथा इंजेक्शन लगाया। परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन और दवा देने के कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल संचालक अस्पताल बंद कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद चौकी प्रभारी सुकृत भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई निजी अस्पताल बिना आवश्यक मानकों, पंजीकरण और योग्य चिकित्सकों के संचालित हो रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से इनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। यही लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।
मृतका के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा अवैध रूप से संचालित अस्पतालों पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली और अवैध अस्पतालों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .