
युवक को अर्द्धनग्न कर गांव में घुमाने के मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में युवक को रस्सी से बांधकर अर्द्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई की है। घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में दरोगा अखिलेश पाठक और हेड कांस्टेबल मो. सलीम को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई मंगलवार को की गई।
जानकारी के अनुसार, करकच्छी गांव में गुरुवार दोपहर एक युवक पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे रस्सी से बांध दिया गया और जूते की माला पहनाकर अर्द्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। युवक के साथ किए गए इस अमानवीय व्यवहार को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच के निर्देश दिए। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर क्षेत्रीय दरोगा अखिलेश पाठक और हेड कांस्टेबल मो. सलीम को निलंबित कर दिया गया।
बताया गया कि घटना के दौरान हुई मारपीट में युवक भोला प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, मामले में बभनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक दस आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।