
सड़क हादसे में ट्रक चालक घायल, खराब खड़े ट्रक से पीछे से भिड़ी दूसरी ट्रक
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
म्योरपुर। बुधवार की देर रात म्योरपुर थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रनटोला स्थित जमतिहवा नाला पुलिया के पास एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय ट्रक चालक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खराब हालत में खड़ी ट्रक में पीछे से आ रही दूसरी ट्रक जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायल चालक की पहचान प्रयागराज जनपद के मोहेद्दीनपुर निवासी अफसार अहमद (60) पुत्र मुस्तफा के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को तत्काल सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल चालक अफसार अहमद ने बताया कि वह उड़ीसा से ट्रक में लोहे के तार के बंडल लादकर गाजियाबाद जा रहे थे। रनटोला के पास जमतिहवा नाला पुलिया पर पहुंचते ही सामने से अचानक एक स्कूटी सवार आ गया। स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में उनका ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक से टकरा गया।
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जबकि ट्रक में मौजूद सहचालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना में दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क किनारे खराब वाहनों को बिना पर्याप्त सुरक्षा संकेतक के खड़ा किए जाने से हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।