
सोनभद्र: दुद्धी में दर्दनाक सड़क हादसा, आमने-सामने की टक्कर में 19 वर्षीय युवक की मौत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा बढ़नीनाला के समीप उस समय हुआ जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिडर गांव निवासी विष्णुदेव सागर (19) पुत्र स्वर्गीय इंद्रदेव सागर मंगलवार शाम अपने घर से दुद्धी बाजार जाने के लिए बाइक से निकला था। रास्ते में बढ़नीनाला के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि विष्णुदेव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए यातायात नियमों के सख्ती से पालन कराने की मांग की है।