
बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक से झपटा मोबाइल, पुलिस से कार्रवाई की मांग
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। थाना क्षेत्र में रविवार की रात मोबाइल छिनैती की घटना से सनसनी फैल गई। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में जा रहे एक युवक के कान से झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पैलानी उत्तर निवासी राजेंद्र सिंह यादव का पुत्र कुछ दिन पहले काम के सिलसिले में दिल्ली गया था। रविवार को दिल्ली से रोडवेज बस से वापस लौटने के बाद वह रात के समय जरीयनपुर चौराहे से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में युवक ने जैसे ही अपने कान में मोबाइल लगाया, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे।
आरोप है कि बाइक सवार बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर युवक के कान से मोबाइल छीन लिया। युवक जब तक कुछ समझ पाता, तब तक तीनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से युवक घबरा गया और उसने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी।
घटना के बाद पीड़ित के पिता राजेंद्र सिंह यादव ने मिर्जापुर थाने में तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने पुलिस से बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने तथा मोबाइल बरामद किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।