
घर के पास विशालकाय मगरमच्छ मिलने से मचा हड़कंप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
घोरावल। सोनभद्र जनपद के घोरावल वन क्षेत्र अंतर्गत बिसरेखी गांव में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के पास विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब ढाई बजे बिसरेखी गांव निवासी रमेश विश्वकर्मा के घर के बगल में बांस के पेड़ के पास ग्रामीणों ने विशालकाय मगरमच्छ को देखा। बताया गया कि मगरमच्छ धीरे-धीरे घर की ओर बढ़ रहा था। इतने बड़े मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए।
ग्रामीणों के मुताबिक, मगरमच्छ की फुंफकार और भारी-भरकम शरीर देखकर लोग सहम गए। कुछ ही देर में इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी।
वन विभाग की टीम ने काफी सावधानी और मशक्कत के बाद विशालकाय मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से मुक्खा फाल के जलाशय में छोड़ दिया गया।
मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घर के पास अचानक इतने बड़े मगरमच्छ के पहुंचने की घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी रही। ग्रामीणों ने वन विभाग की तत्परता की सराहना की।