
शिवद्वार धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 10 हजार श्रद्धालुओं ने किया
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
उमा-महेश्वर का जलाभिषेक
हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजा शिवद्वार धाम, प्रशासन की कड़ी निगरानी में हुआ जलाभिषेक
घोरावल/सोनभद्र। पवित्र सावन माह में शनिवार को घोरावल तहसील क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा शिवद्वार धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान उमा-महेश्वर के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। देर शाम तक करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
शनिवार सुबह मंगला आरती के बाद मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक लगातार चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरा शिवद्वार धाम ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए बाबा उमा-महेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते रहे।
शिवद्वार मंदिर समिति के प्रधान पुजारी सुरेश गिरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण जलाभिषेक का क्रम देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवरियों ने पवित्र जल से बाबा का अभिषेक किया। जलाभिषेक करने वालों में सीमावर्ती मध्य प्रदेश, मिर्जापुर सहित आसपास के विभिन्न जनपदों से पहुंचे कांवरियों की संख्या सर्वाधिक रही।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर एवं आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाती रही। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखी गई, जबकि ड्रोन कैमरे से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई।
प्रशासन की मुस्तैदी और मंदिर समिति की व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को जलाभिषेक और दर्शन में किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। सावन के शनिवार को शिवद्वार धाम में उमड़ी भारी भीड़ ने एक बार फिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था और बाबा उमा-महेश्वर के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी श्रद्धा को प्रदर्शित किया।
बोल बम के जयघोष और हर-हर महादेव के नारों से देर शाम तक पूरा शिवद्वार धाम भक्तिमय बना रहा।