
शादी की खुशियां मातम में बदलीं: कार्ड बांटने निकले दादा-पोते सड़क हादसे में गंभीर घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। हलिया-लालगंज मार्ग पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने निकले दादा-पोते गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद परिवार में खुशी का माहौल अचानक चिंता और तनाव में बदल गया है।
जानकारी के अनुसार हलिया थाना क्षेत्र के नरैना कला गांव निवासी 62 वर्षीय केवला प्रसाद अपने 22 वर्षीय नाती बैजनाथ के साथ बाइक से गड़बड़ा क्षेत्र में शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे। जैसे ही वे इंदिरा वाटिका कोटारनाथ कोटार मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में केवला प्रसाद का बायां पैर बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि बैजनाथ के सिर में गहरी चोट आई है।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. विवेक खरे ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि बैजनाथ की शादी आगामी 18 मई को होनी थी। शादी की तैयारियों और खुशियों के बीच हुए इस हादसे से परिवार समेत पूरे गांव में मायूसी का माहौल है।