
तालाब में मछली पकड़ने पर नाबालिगों को दी क्रूर सजा, ‘मुर्गा’ बनाकर प्रताड़ित करने वाला आरोपी गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बकौली गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मामूली बात पर एक व्यक्ति ने नाबालिग बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उन्हें सजा के तौर पर ‘मुर्गा’ बना दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ बच्चे तालाब के पास मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान मछली पालन करने वाले व्यक्ति ने उन्हें पकड़ लिया और सजा देने के नाम पर उनके साथ क्रूरता की हद पार कर दी। इस घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया और क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
वीडियो सामने आने के बाद तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित छुड़ाकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने तालाब में मछली पकड़ते देख बच्चों को पकड़कर उन्हें प्रताड़ित किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य अमरेश पाठक ने कहा कि बच्चों के साथ शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।