
सोनभद्र मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर की संदिग्ध मौत, इलाके में फैली सनसनी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले में बुधवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब मेडिकल कॉलेज के जेआर प्रशासक (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर) डॉ. अनुभव मिश्रा (30) गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के पास डिवाइडर के किनारे घायल अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे चिकित्सा समुदाय में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
बताया जा रहा है कि डॉ. अनुभव मिश्रा के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आनंद कुमार समेत कई चिकित्सक, कर्मचारी और परिचित अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से हर कोई स्तब्ध नजर आया।
डॉ. अनुभव दो भाइयों में बड़े थे और अविवाहित थे। परिजनों के अनुसार, उन्होंने अपने पिता की खराब तबीयत के कारण केजीएमयू की नौकरी छोड़कर सोनभद्र मेडिकल कॉलेज में सेवाएं देना शुरू किया था। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं।