• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
धान की रोपाई के दौरान वन विभाग के वाचर की अचानक मौत, खेत में गिरे अचेत, परिवार में मचा कोहराम

धान की रोपाई के दौरान वन विभाग के वाचर की अचानक मौत, खेत में गिरे अचेत, परिवार में मचा कोहराम


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

 

सोनभद्र। जनपद के म्योरपुर विकासखंड में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। धान की रोपाई के दौरान वन विभाग में कार्यरत एक वाचर अचानक खेत में अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।

मृतक की पहचान अहिरबुढ़वा ग्राम पंचायत के मनरूटोला निवासी 40 वर्षीय संजय यादव पुत्र स्वर्गीय नन्हकू यादव के रूप में हुई है। संजय यादव पिछले लगभग पांच वर्षों से वन विभाग में वाचर (Watcher) के पद पर कार्यरत थे और अपने सरल स्वभाव एवं मेहनतकश व्यक्तित्व के कारण क्षेत्र में जाने जाते थे।

बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे संजय यादव अपनी पत्नी और 17 वर्षीय बेटी के साथ घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। रोपाई का कार्य चल ही रहा था कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही क्षणों में वह खेत में ही अचेत होकर गिर पड़े। घटना से पत्नी और बेटी घबरा गईं और शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों और परिजनों की मदद से संजय यादव को तत्काल सीएचसी म्योरपुर ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।

संजय यादव की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार वह परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे और उनकी मेहनत से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।

फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .