
सोनभद्र में वन विभाग की सख्त कार्रवाई जारी, सुकृत वन रेंज में अवैध अतिक्रमण पर बड़ा अभियान
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के सुकृत वन रेंज में वन विभाग द्वारा अवैध अतिक्रमण और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग का स्पष्ट कहना है कि वन भूमि पर कब्जा करने या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह चलता रहेगा।
विंध्य पर्वत श्रृंखला की गोद में स्थित सुकृत वन रेंज प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है, जहां हजारों प्रकार की दुर्लभ जड़ी-बूटियां और बहुमूल्य औषधीय वनस्पतियां पाई जाती हैं। यही वजह है कि इस क्षेत्र की सुरक्षा और संरक्षण वन विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
यह वन क्षेत्र तीन जनपदों की सीमाओं से सटा होने के कारण यहां निगरानी बनाए रखना और भी कठिन हो जाता है। इसी का फायदा उठाकर भू-माफिया और वन माफिया समय-समय पर अवैध कब्जे की कोशिश करते रहे हैं। कई मामलों में मंदिर या कुटिया के नाम पर वन भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की गई, लेकिन वन विभाग की सतर्कता के चलते ऐसे प्रयासों को विफल कर दिया गया।
वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर न केवल अवैध निर्माण हटवाया, बल्कि संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की। विभाग का कहना है कि किसी भी स्थिति में वन संपदा को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
इस अभियान का नेतृत्व प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) राकेश कुमार और वन रेंजर हिमांशु कुमार कर रहे हैं। उनके साथ वन दरोगा विमल चौहान, अखिलेश्वर दूबे, आलोक पटेल, सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे और अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
वन विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे वन भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।