
नधीरा के पास भीषण सड़क हादसा: एक की मौत, पांच घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र (बभनी)। बभनी थाना क्षेत्र के नधीरा गांव के समीप मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार धरम (35), लोकमन (33), अजय (34) और आरके कुमार (35) निवासी डोडहर थाना बीजपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो सवार चंपा देवी (30) निवासी नधीरा भी बुरी तरह जख्मी हो गईं।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया गया, जहां डॉ. पल्लवी सिन्हा ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए चारों बाइक सवारों को जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही धरम (35) की मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि सभी युवक परनी गांव से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। वहीं घायल चंपा देवी जरहा से अपने घर लौट रही थीं।
ऑटो में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।