
सोनभद्र: मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के कोन थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला नरोईयादामर की है, जहां मोबाइल चार्जर बिजली बोर्ड में लगाते समय युवक अचानक करंट की चपेट में आ गया।
मृतक की पहचान अनुज गिरी (30) पुत्र श्यामलाल गिरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजे अनुज अपने घर में मोबाइल चार्जर बिजली बोर्ड में लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर कोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि अनुज गिरी मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और चार छोटे बच्चे हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।