
सोनभद्र: ग्राम प्रधान ने पति समेत पंचायत अधिकारी व कंप्यूटर ऑपरेटर पर लगाया वित्तीय अनियमितता का आरोप,
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
डीएम से की उच्चस्तरीय जांच की मांग
सोनभद्र जनपद के चतरा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खडुई की ग्राम प्रधान मीरा देवी ने पंचायत निधि में कथित वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। प्रधान ने अपने पति, ग्राम पंचायत अधिकारी दिनेश कुमार तथा कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप कुमार पर मिलीभगत कर पंचायत के सरकारी धन के दुरुपयोग और फर्जीवाड़ा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में मीरा देवी ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग तीन वर्षों से उनकी जानकारी, सहमति और विधिवत स्वीकृति के बिना ग्राम पंचायत से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों के नाम पर भुगतान किए जाते रहे। उनका कहना है कि कई मामलों में उनके हस्ताक्षर के बिना ही कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी धन का भुगतान कर दिया गया, जिससे पंचायत निधि को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रधान का आरोप है कि ग्राम पंचायत के कार्यों में उनकी संवैधानिक एवं आधिकारिक भूमिका की लगातार अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान होने के बावजूद उन्हें विकास कार्यों, भुगतान प्रक्रिया और वित्तीय लेन-देन की जानकारी तक नहीं दी गई। पंचायत के अभिलेखों और भुगतान संबंधी दस्तावेजों में भी कथित रूप से अनियमितताएं की गई हैं।
मीरा देवी ने शिकायत में यह भी मांग की है कि पंचायत के पिछले तीन वर्षों के सभी वित्तीय अभिलेखों, बैंक खातों, भुगतान विवरण, कार्य योजनाओं और निर्माण कार्यों का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ऑडिट कराया जाए। साथ ही जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाए, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए तथा सरकारी धन की रिकवरी भी सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल शिकायत के आधार पर प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आना शेष है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।