
सोनभद्र: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत, महिला व मासूम घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और सात वर्षीय मासूम घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह हादसा मधुपुर फ्लाईओवर के पास बंतरा गांव के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि परही गांव निवासी सुभाष यादव (27) अपनी रिश्तेदार के घर सुकृत गए थे। वहां से लौटते समय वह तेतरा देवी (70), अपनी पत्नी और सात वर्षीय आर्यन को एक ही बाइक पर बैठाकर मधुपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुभाष यादव और तेतरा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाष की पत्नी और सात वर्षीय आर्यन को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन व चालक की तलाश में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।