• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
मिर्जापुर-रीवा हाईवे पर सिगरेट से लदा कंटेनर पलटा, स्टेरिंग फेल होने से हुआ हादसा, चालक सुरक्षित

मिर्जापुर-रीवा हाईवे पर सिगरेट से लदा कंटेनर पलटा, स्टेरिंग फेल होने से हुआ हादसा, चालक सुरक्षित


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

 

मिर्जापुर। मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पड़ी थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव के समीप बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया, जब सिगरेट से लदा एक कंटेनर ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे का कारण ट्रक का स्टेरिंग फेल होना बताया जा रहा है। गनीमत रही कि दुर्घटना में चालक की जान बच गई और उसे केवल मामूली चोटें आईं।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे कंटेनर ट्रक (संख्या TS07UK9488) रीवा से वाराणसी की ओर जा रहा था। देवपुरा गांव के पास पहुंचते ही अचानक ट्रक का स्टेरिंग फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते कंटेनर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।

कंटेनर चला रहे चालक की पहचान कानपुर जनपद के चकेरी थाना क्षेत्र निवासी कमलेश प्रसाद गुप्ता के रूप में हुई है। दुर्घटना में उन्हें हल्की चोटें आईं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल पड़ी थाना पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में सहयोग किया।

सूचना मिलते ही पड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव, राजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल एवं अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, यातायात को सुचारु बनाए रखा तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

घायल चालक को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए पड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई। प्राथमिक उपचार के उपरांत चालक ने क्रेन मंगवाकर पलटे हुए कंटेनर को सीधा कराने की व्यवस्था कराई। पुलिस की निगरानी में काफी देर तक राहत एवं बचाव कार्य चलता रहा, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि कंटेनर सड़क के बीच पलटता या उस समय आसपास अन्य वाहन होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते वाहन सड़क किनारे पलट जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .