
सोनभद्र: पत्नी से विवाद की चर्चा के बीच युवक ने फांसी लगाकर दी जान, दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के जुगैल थाना क्षेत्र के जमुअल गांव में रविवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान बृजेश हरिजन (27) पुत्र लाल बिहारी के रूप में हुई है। बृजेश अपने पीछे 7 वर्ष और 5 वर्ष के दो मासूम बेटों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक की पत्नी उर्मिला (25) का मायका शिल्पी गांव में है और वह अधिकांश समय अपने मायके में ही रहती थी। ग्रामीणों का कहना है कि ससुराल पक्ष में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद बृजेश मानसिक रूप से काफी परेशान था। इसी बीच वह अपने गांव जमुअल लौट आया और देर रात अपने कच्चे मकान की छाजन (तरक) में कपड़े की रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। हालांकि, पुलिस ने पारिवारिक विवाद को आत्महत्या का कारण मानने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर जुगैल थाना पुलिस रविवार रात लगभग 9:40 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। मृतक के दोनों मासूम बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और सभी लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करें तथा जांच पूरी होने तक आधिकारिक तथ्यों का इंतजार करें।