
सोनभद्र: कान की बीमारी से परेशान 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, गांव में पसरा मातम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के घोरावल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सेमरवार गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही घोरावल पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज की मर्चरी भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेमरवार गांव निवासी सोनव्वर पुत्र नियाजुल्लाह ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री साहिबा ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की।
प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि साहिबा पिछले कुछ दिनों से कान की बीमारी से पीड़ित थी, जिसके कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी। हालांकि आत्महत्या के पीछे का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है। शव को शनिवार शाम करीब 7 बजे जिला अस्पताल की मर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में गम और मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।