
ओबरा में चार माह की गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भलुआ टोला में शनिवार को एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका चार माह की गर्भवती थी। घटना की सूचना मिलते ही ओबरा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान प्रियंका यादव (22) पत्नी संजय यादव के रूप में हुई है। प्रियंका का मायका डाला क्षेत्र में बताया गया है। जानकारी के अनुसार, प्रियंका और संजय ने लगभग आठ माह पूर्व प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों पिछले करीब दो माह से भलुआ टोला में किराये के मकान में रह रहे थे। संजय मूल रूप से कर्मशार गांव का निवासी है और ओबरा परियोजना में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
मृतका की बहन आरती ने बताया कि शनिवार दोपहर भोजन के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े होते रहते थे तथा संजय कथित तौर पर प्रियंका के साथ मारपीट भी करता था। आरती का कहना है कि उनकी बहन चार माह की गर्भवती थी और उसकी मौत बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों तथा परिजनों द्वारा दिए गए बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतका की मौत से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच कर सत्य सामने लाने की मांग की है।