• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
सोनभद्र: दुद्धी में पिकनिक बनी मातम, ठेंम्हा नदी में डूबने से कक्षा-8 के छात्र सुफियान की मौत,

सोनभद्र: दुद्धी में पिकनिक बनी मातम, ठेंम्हा नदी में डूबने से कक्षा-8 के छात्र सुफियान की मौत,


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

मां का विलाप देख हर आंख हुई नम

सोनभद्र जिले के दुद्धी कस्बे में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। ठेंम्हा नदी के किनारे दोस्तों के साथ हंसी-खुशी पिकनिक मनाने गया 12 वर्षीय छात्र सुफियान नदी की गहराई में समा गया। देखते ही देखते बच्चों की चहल-पहल चीख-पुकार में बदल गई। साथियों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में उसकी तलाश शुरू की।

करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुफियान को नदी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी ले जाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. मनोहर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां का दर्द छलक पड़ा। वह अस्पताल में बेटे के शव से लिपटकर उसे बार-बार उठाने की कोशिश करती रही। मां की चीख-पुकार और विलाप ने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं। अस्पताल का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

मृतक की पहचान सुफियान (12) पुत्र सफीउल्लाह, निवासी वार्ड नंबर-6, दुद्धी के रूप में हुई है। वह लिटिल एंजेल अकादमी में कक्षा आठ का छात्र था। परिजनों के अनुसार सुफियान पढ़ाई में होनहार और मिलनसार स्वभाव का था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय की एक शिक्षिका कुछ छात्रों को लेकर ठेंम्हा नदी के किनारे पिकनिक मनाने गई थीं। इसी दौरान बच्चे नदी में उतरकर नहाने लगे। नहाते समय सुफियान अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी छात्रों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना के बाद पूरे दुद्धी क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बच्चों को नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के पास ले जाते समय विशेष सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .