
14 पेड़ों की अनुमति, सैकड़ों सागौन गायब: म्योरपुर वन रेंज में अवैध कटान से हड़कंप
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। म्योरपुर वन रेंज अंतर्गत कटौंधी गांव में सागौन के पेड़ों के अवैध कटान का बड़ा मामला सामने आने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि कास्त की जमीन पर केवल 14 सागौन के पेड़ काटने की अनुमति ली गई थी, लेकिन परमिट की आड़ में सैकड़ों सागौन तथा कई खैर के पेड़ों का अवैध कटान कर लकड़ी माफियाओं ने लाखों रुपये की लकड़ी पार कर दी।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। मिर्जापुर मंडल के चीफ वन अधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच डीएफओ को सौंप दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि अनियमितता और अवैध कटान की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार कटौंधी गांव निवासी बैजनाथ मेहता ने अपनी कास्त की जमीन पर खड़े सागौन के पेड़ों को काटने की अनुमति वन विभाग से ली थी। विभाग द्वारा उन्हें केवल 14 पेड़ काटने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। आरोप है कि ठेकेदार और लकड़ी माफियाओं ने इसी अनुमति का दुरुपयोग करते हुए बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों पर आरी चला दी।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक इलाके में पेड़ों की कटाई और लकड़ी ढुलाई का काम चलता रहा, लेकिन जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अब मामला उजागर होने के बाद विभाग जांच और कार्रवाई की बात कह रहा है।