
सूरत से लौटे दो दोस्तों की दर्दनाक मौत: अनियंत्रित बाइक नाले में गिरी, चोपन क्षेत्र में मचा कोहराम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जनपद के चोपन थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। वाराणसी-शक्तिनगर पटवध मार्ग पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक नाले के गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई अभयनाथ यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतकों की पहचान विकास गोंड पुत्र अजय सिंह गोंड तथा मनीष पुत्र मगरू निवासी गुरमा, थाना चोपन, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक गुजरात के सूरत शहर में मजदूरी का काम करते थे और शनिवार को ही अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद दोनों किसी काम से मारकुंडी बाजार मिठाई लेने निकले थे, लेकिन वे पटवध मार्ग पर कैसे पहुंचे, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले के गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।