
मिर्जापुर: जहरीला पदार्थ खिलाकर तीन लोगों की मौत के मामले में वांछित महिला गिरफ्तार, भेजी गई जेल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर जनपद की कोतवाली देहात पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के एक चर्चित मामले में लंबे समय से वांछित चल रही एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 4 सितंबर 2025 का है। टीकापुर मसारी गांव निवासी तोता देवी ने कोतवाली देहात थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आपसी रंजिश के चलते नामजद आरोपियों ने उनके परिवार के सदस्यों को जहरीला पदार्थ खिला दिया था। इस घटना में उनकी सास, ससुर और पुत्री की हालत गंभीर हो गई थी। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली देहात थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में बुधवार को उपनिरीक्षक सुरेश सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने टीकापुर मसारी गांव निवासी रानी देवी पत्नी आशीष बिंद को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना अभी भी जारी है। प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।