
मिर्जापुर: पुलिस की पहल से बचा बिखरता परिवार, पति-पत्नी ने फिर से साथ रहने का लिया संकल्प
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो: कमलेश पाण्डेय |
📞 8382048247
मिर्जापुर। चील्ह थाना क्षेत्र के टेढ़वा चौकी में पुलिस की संवेदनशील और सकारात्मक पहल का सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां समय रहते हस्तक्षेप कर एक टूटते हुए परिवार को फिर से जोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सरैया भोगांव निवासी रमाशंकर मिश्र और उनकी पत्नी पूजा देवी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आपसी मनमुटाव इतना बढ़ गया कि दोनों अलग रहने लगे और मामला पुलिस चौकी तक पहुंच गया, जिससे परिवार में तनाव और अशांति का माहौल बना हुआ था।
मामले की गंभीरता को समझते हुए टेढ़वा चौकी प्रभारी रामकिशोर ने दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया। उन्होंने धैर्यपूर्वक पति-पत्नी की समस्याओं को सुना और उन्हें पारिवारिक जीवन के महत्व, आपसी समझ और सहयोग की आवश्यकता के बारे में समझाया।
पुलिस की काउंसलिंग और सकारात्मक प्रयासों का असर यह हुआ कि दोनों ने पुरानी बातों को भुलाकर आपसी सहमति से फिर से एक साथ रहने का निर्णय लिया। इस पहल से न केवल एक परिवार बिखरने से बच गया, बल्कि समाज में पुलिस की मानवीय भूमिका का भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत हुआ।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया है।