
अज्ञात लिंक के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह पर मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पीड़िता के खाते में वापस कराए गए ₹38 हजार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो – कमलेश पाण्डेय
मो. 8382048247
मीरजापुर।
जनपद मीरजापुर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली कटरा की साइबर सेल टीम ने तत्परता दिखाते हुए ऑनलाइन ठगी की शिकार युवती के खाते में ₹38,000 की धनराशि वापस कराई है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़िता एवं उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है तथा मीरजापुर पुलिस की सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदिका परी जायसवाल पुत्री राजकुमार जायसवाल निवासी अनगढ़ रोड तेलियागंज, थाना कोतवाली कटरा जनपद मीरजापुर ने थाना कोतवाली कटरा की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात साइबर ठगों द्वारा फोन अपडेट कराने के नाम पर एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से कुल ₹46,300 की धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर ली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत को तत्काल NCRP पोर्टल पर दर्ज किया गया तथा थाना कोतवाली कटरा की साइबर सेल टीम द्वारा जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने बैंक एवं संबंधित मर्चेंट संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की। त्वरित प्रयासों के चलते दिनांक 17 मई 2026 को होल्ड कराई गई ₹38,000 की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
खाते में धनराशि वापस आने पर पीड़िता ने थाना पहुंचकर मीरजापुर पुलिस एवं साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही पुलिस द्वारा उन्हें साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूक भी किया गया तथा अन्य लोगों को भी साइबर ठगी से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर सेल टीम थाना कोतवाली कटरा, मीरजापुर
बैद्यनाथ सिंह – थानाध्यक्ष, थाना कोतवाली कटरा
उ0नि0 कृष्णकांत त्रिपाठी – प्रभारी साइबर सेल
कांस्टेबल इरफान अंसारी – साइबर सेल टीम सदस्य
मीरजापुर पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।