
संदिग्ध हालात में अधेड़ की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के लसड़ी कला गांव में शनिवार रात एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहगंज थाना क्षेत्र के ढुटेर गांव निवासी विजय कुमार कनौजिया (44 वर्ष) पुत्र बसावन शनिवार रात करीब 8 बजे किसी कार्य से लसड़ी कला गांव गए थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे। इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने मृतक के पुत्र सूरज को सूचना दी कि उसके पिता नाले की पुलिया के पास मृत अवस्था में पड़े हैं।
सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे तत्काल मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेज दिया।
मृतक के पुत्र सूरज ने आरोप लगाया है कि उसके पिता की हत्या कर शव को पुलिया के पास फेंक दिया गया है। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार विजय कुमार अक्सर शराब पीने के लिए लसड़ी कला आते थे और घटना वाली शाम भी उन्हें गांव में देखा गया था।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।